महेंद्रगढ़। थाना शहर महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम ने सामान चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपू निवासी मथुरा यूपी के रूप में हुई है। आरोपी दीपू को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी नशे का आदी था और उसके पास नशे के लिए पैसे नहीं थे इसलिए उसने चोरी की है। इस मामले में पुलिस द्वारा चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी विनोद निवासी मोहल्ला कानोडिया को गिरफ्तार किया जिससे पूछताछ में 4 गाटर बरामद किए थे।
शिकायतकर्ता जितेंद्र निवासी मोहल्ला सैनीपुरा ने थाना शहर महेंद्रगढ़ में नामजद के खिलाफ गाटर, पंखे, बैटरी इत्यादि की चोरी की शिकायत दर्ज कराई। जिसमें उसने बताया कि वह मोदाश्रम महेंद्रगढ़ में रोजाना घूमने और श्रमदान करने जाता है। मोदाश्रम के बाहर नंदीशाला का सामान जो कि स्वर्ग आश्रम महेंद्रगढ़ में रखा हुआ था जहां से गाटर, एंगल, पार्क में रखे पंखे, अन्य सामान जैसे तार बंडल, लोहे के सरिए और लाइटें भी चोरी हुई हैं। 10 जून को उसने एक आरोपी को स्कूटी पर गाटर का टूकड़ा ले जाते हुए देखा। शिकायतकर्ता ने बताया कि कबाड़ी के गोदाम पर उसने गाटर और एंगल पड़े हुए देखे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सामान चोरी करने वाले आरोपी दीपू निवासी मथुरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया।