मंडी अटेली। नारनौल-रेवाड़ी सड़क मार्ग पर गांव सुरजापुर के समीप स्कूटी सवार दंपति को कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई और पत्नी घायल हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घायल पत्नी की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रेवाड़ी जिले के गांव शहबाजपुर निवासी गुड्डी ने पुलिस में दी शिकायत में कहा कि वह सुन्दरह सरकारी स्कूल में सफाई कर्मचारी है। बुधवार को अपने पति लक्ष्मण सिंह के साथ मोपेड पर बैठ कर गांव मोहनपुर अपनी बेटी से मिलने के लिए आए थे। लौटकर अपने गांव शहबाजपुर जाते समय गांव सुरजापुर के पास रेवाड़ी की तरफ से एक कार चालक ने मोपेड में टक्कर मार दी। दुर्घटना में पति लक्ष्मण सिंह को काफी चोट लगी और वह भी घायल हो गई। राहगीरों की मदद से अटेली अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर रेफर कर दिया, जहां उसके पति की उपचार के दौरान मौत हो गई। वीरवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।