फोटो नंबर-21राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल।
नारनौल। राजकीय महिला महाविद्यालय में नए सत्र के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। इस बार छात्रों में विभिन्न कोर्सों को लेकर अलग-अलग रुझान देखने को मिल रहा है। खासकर विज्ञान संकाय के पाठ्यक्रमों में सीटों की तुलना में अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं जबकि कुछ नए कोर्सों में अभी आवेदन कम हैं।
बीए पाठ्यक्रम की 800 सीटों के लिए अब तक 660 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं बीकॉम की 160 सीटों के मुकाबले 104 आवेदन आए हैं। विज्ञान संकाय में बीएससी लाइफ साइंस की 120 सीटों के लिए 263 आवेदन मिले हैं जबकि बीएससी फिजिकल साइंस की 120 सीटों के लिए 203 आवेदन आए हैं। इससे स्पष्ट है कि छात्रों में विज्ञान विषयों के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि इस सत्र में दो नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं बीए ऑनर्स (अंग्रेजी) और बीएससी ऑनर्स (गणित)। बीए ऑनर्स अंग्रेजी की 40 सीटों के लिए अभी तक केवल 3 आवेदन आए हैं जबकि बीएससी ऑनर्स गणित की 40 सीटों के लिए 4 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रशासन का मानना है कि इन कोर्सों की आवेदन प्रक्रिया देर से शुरू होने के कारण शुरुआत में संख्या कम रही है।
डॉ. आरपी सिंह ने छात्रों से अपील की है कि वे समय पर ऑनलाइन आवेदन करें। उन्होंने कहा कि ये नए पाठ्यक्रम भविष्य में बेहतर शैक्षणिक अवसर और रोजगार के नए रास्ते खोलेंगे। महाविद्यालय को उम्मीद है कि अंतिम तिथि तक इन कोर्सों में आवेदन की संख्या में वृद्धि होगी।