फोटो संख्या:51 हकेंवि में शोधकर्ताओं को पेटेंट देते कुलपति टंकेश्वर कुमार। स्रोत:संस्थान
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय ने नवाचार और शोध के क्षेत्र में एक और उपलब्धि अपने नाम की है। विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अमित कुमार और उनके शोधार्थी सलोनी बंसल व काजल सिंह को एक पेटेंट मिला है। इससे मेहमाननवाजी स्मार्ट होगी।
यह पेटेंट होटलों में अतिथि स्वागत के लिए रियल-टाइम डिजिटल हॉस्पिटैलिटी डिस्प्ले डिवाइस से जुड़ा है। इसका उद्देश्य होटलों में मेहमानों के अनुभव को बेहतर बनाना है। यह एक स्मार्ट डिजिटल स्क्रीन है जिसे होटल की लॉबी, रिसेप्शन या कमरों में लगाया जा सकता है।
इस स्क्रीन पर मेहमानों के लिए व्यक्तिगत स्वागत संदेश, चेक-इन और चेक-आउट की जानकारी, होटल की सेवाओं जैसे स्पा, भोजन का समय, होटल के कार्यक्रम, मौसम और समाचार और अन्य जरूरी जानकारियां दिखाई जा सकती हैं। इसमें टच स्क्रीन और डिजिटल कंसीयर्ज सेवाएं भी होंगी जिससे मेहमान आसानी से जानकारी ले सकें।
यह नई तकनीक होटल के कामकाज को आधुनिक बनाएगी और होटल व मेहमानों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करेगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने इस उपलब्धि के लिए शोध दल की सराहना की और उन्हें आगे भी अच्छे शोध और नए नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार, समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा और कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने डॉ. अमित कुमार और उनके शोधार्थियों को इस सफलता के लिए बधाई दी।