नारनौल। राजकीय महाविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्रों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। नोडल अधिकारी डॉ. सतीश सैनी ने बताया कि कई कोर्स में सीटों के मुकाबले कई गुना ज्यादा आवेदन आए हैं।
बीए कोर्स में 660 सीटों के लिए 725 आवेदन प्राप्त हुए हैं जबकि बीबीए में 40 सीटों पर 85 आवेदन आए हैं। सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा बीसीए में देखने को मिली जहां 40 सीटों के लिए 181 आवेदन मिले।
विज्ञान संकाय में भी छात्रों की अच्छी रुचि देखी गई है। बीएससी लाइफ साइंसेज में 160 सीटों पर 266 आवेदन आए हैं, जबकि फिजिकल साइंसेज में 400 सीटों के मुकाबले 410 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं बीकॉम में 240 सीटों पर 172 आवेदन आए हैं। इसी को देखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 15 जून कर दी गई है।
डॉ. सैनी ने बताया कि महाविद्यालय की बेहतर शिक्षा व्यवस्था, अनुभवी शिक्षक और सुविधाओं के कारण छात्रों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि जो भी प्रवेश लेना चाहते हैं वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि अंतिम समय में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।