फोटो 24 घर के ऊपर से गुजरती हाइटेंशन लाइन। ग्रामीण
नांगल चौधरी। क्षेत्र के गांव दोस्तपुर में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गांव के एक रिहायशी मकान के ऊपर से 11000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसको दूर करने के बजाय विभाग लाइन हटाने के नाम पर एस्टीमेट बनाने की बात कर रहा है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों व ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम इस समस्या से अवगत कराया। हर बार आश्वासन तो मिला लेकिन समाधान के नाम पर सिर्फ कागजी कार्रवाई और टालमटोल होती रही। परिवार के अनुसार जब उन्होंने लाइन तुरंत हटाने की मांग की तो विभागीय कर्मचारियों ने कहा कि पहले एस्टीमेट बनेगा उसके बाद ही काम होगा।
परिवार का आरोप है कि रिहायशी क्षेत्र में 11000 वोल्ट की लाइन का घर के ऊपर से गुजरना नियमों के खिलाफ है। यह कोई व्यक्तिगत सुविधा का मामला नहीं बल्कि सीधे सीधे जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।