नारनौल। हरियाणा एक्स सर्विस मैन लीग के कर्मचारियों ने शुक्रवार को सात माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में नारनौल-सिंघाना रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। धरना पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि वे एक अगस्त से धरना प्रदर्शन रहे है, लेकिन उन्हें वेतन नहीं मिल पाया है। जबकि वेतन को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से मांग कर चुके हैं। प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों ने बताया कि मीटर रीडिंग कार्यों के लिए बिजली निगम द्वारा पूर्व सैनिकों को भर्ती किया गया है। मगर उन्हें पिछले सात माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है। जबकि अधिकारी कार्य नहीं करने पर नए भर्ती करने की बात कह रहे हैं। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें वेतन के साथ पीएफ भी नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने जुलाई माह में नोडल अधिकारी से भी बातचीत की थी। इसमें नोडल अधिकारी ने आश्वासन दिया था कि उन्हें 31 जुलाई के बाद वेतन मिल जाएगा, लेकिन अभी तक उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते उनमें रोष है।