नारनौल। जिले में दो दिन से एक-एक डेंगू मरीज आने से अब 17 के पास आंकड़ा पहुंच गया है। वहीं मलेरिया का अब तक एक मरीज मिल चुका है। स्वास्थ्य विभाग की टीम जिला में डोर टू डोर लारवा की जांच कर रही है। इस दौरान जिले में 1466 घरों में लार्वा पाया गया, जिन्हें विभाग की तरफ से नोटिस दिया जा चुका है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिस स्थान पर डेंगू मरीज पाया जाता है, वहां पर फॉगिंग करवाई जा रही है। जिले में पहला डेंगू का मरीज 24 अगस्त को मिला था। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की 152 टीम घरों में लार्वा की जांच कर रही है। इस बार बीते वर्ष की तुलना में डेंगू व मलेरिया के मरीज कम मिले है, जिससे स्वास्थ्य विभाग ने थोड़ी राहत की सांस ली है। हालांकि डेंगू के मरीज नवंबर माह तक आने की ज्यादा संभावना रहती है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. पंकज ने बताया कि अगर किसी भी व्यक्ति को डेंगू के लक्षण दिखाई दे तो वह तुरंत चिकित्सक से संपर्क कर उपचार शुरू करवाएं। वहीं साथ घर में कूलर, गमलों की समय-समय पर सफाई करते रहें ताकि डेंगू का लार्वा पनप न सके