नारनौल। हरियाणा सरकार ने वर्ष 2025 तक टीबी को प्रदेश से खत्म करने का लक्ष्य बनाया है। इसी के तहत जिले में शनिवार से चलने वाले 100 दिवसीय निक्षय शिविर कैंपेन का विधायक ओम प्रकाश यादव ने वैन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यह वैन गांव-गांव जाकर टीबी मरीजों की पहचान करेगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ. नवीन यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम 7 दिसंबर से 17 मार्च 2025 तक चलेगा। इस कैंपेन के दौरान टीबी मुक्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम जिला कारावास, शहर व जिले के हर गांव में जाकर टीबी मरीजों की पहचान करेंगे। पीड़ित को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच व दवाइयां मुफ्त में उपलब्ध कराई जाती हैं। निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी के मरीजों को इलाज चलने तक प्रतिमाह 1000 रुपये भी प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाते हैं।
जिला क्षय रोग केंद्र से चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आकाश ने बताया कि टीबी का शुरुआती लक्षण खांसी है। दो सप्ताह से ज्यादा खांसी आना, बार-बार पसीना आना, थकावट होना, वजन घटना, सांस लेने में परेशानी आना, बुखार आना टीबी के मुख्य लक्षणों में शामिल है। इस विशेष कैंपेन में अति संवेदनशील जगह जैसे क्रशर जोन, ईंट भट्टा, झुग्गी झोपड़ी या कंस्ट्रक्शन साइट व जिले के हर गांव पर स्वास्थ्य विभाग की टीम जाकर लोगों के बलगम के नमून लक्षणानुसार और एक्स-रे लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भिजवाएंगे
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. आशा शर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ. नवीन यादव, विकास ग्रोवर, औषधाकारक, भूपेंद्र सैनी डीपीसी, रविंद्र कुमार डीपीएस, कृष्ण नर्सिंग अधिकारी विष्णु चौहान, रेखा वधावन, दीपक प्रकाश, कमल सैनी प्रयोगशाला तकनीशियन व नागरिक अस्पताल नारनौल के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे।