फोटो संख्या:66- गांव कोका में विकास कार्याें का उद्धाटन करतीं स्वास्थ्य मंत्री आरती राव --संवा
कनीना। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सोमवार को मोहनपुर और कोका गांवों में करीब 90 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। मोहनपुर में नया खेल ग्राउंड, स्टेज और फिरनी का काम शुरू करवाया।
उन्होंने कहा कि खेल सुविधाएं और बुनियादी ढांचा मजबूत होने से युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे। कोका में गली, रास्तों, श्मशान घाट की चारदीवारी और टाइल कार्य सहित कई कामों का लोकार्पण किया गया।
मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और आमजन के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। यह बात उन्होंने कनीना के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित खंड स्तरीय कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत घायल किसानों को चेक बांटे गए। पाथेड़ा गांव के नरेश खेत में बिजली का कटआउट निकालते समय करंट की चपेट में आ गए थे, जिससे उनके दोनों हाथों की उंगलियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
उन्हें 75 हजार रुपये का चेक दिया गया। सिहोर गांव के विमलेश कुमार खेत में कुआं खोदते समय मिट्टी धंसने से घायल हुए थे और उनका बायां हाथ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्हें 1 लाख 25 हजार रुपये की सहायता दी गई।
इस मौके पर दोनों गांवों के सरपंच, ब्लॉक समिति और मार्केट कमेटी चेयरमैन, एसडीएम, जिला चिकित्सा अधिकारी, एसएमओ, तहसीलदार और बीडीपीओ सहित कई लोग मौजूद रहे।