महिला की शिकायत पर मामला सुलझाने बुधवार देर रात गांव सराय बहादुर गए हेड कांस्टेबल पर एक शराबी युवक ने अचानक चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। इस बीच हेड कांस्टेबल के साथ गए पुलिस कर्मी घायल को संभालने में लग गए जिसका फायदा उठा कर हमलावर मौके से फरार हो गया।
घायल हेड कांस्टेबल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी शराबी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव सराय बहादुर निवासी मंजू देवी ने बुधवार रात करीब 10 बजे 100 नंबर पर फोन कर पति द्वारा शराब के नशे में खुद के साथ मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत पर सदर थाने से गांव कांवी हाल आबाद पुलिस लाइन से हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, हवलदार अनिल और ड्राइवर को लेकर मौके पर पहुंचे।
इसी बीच शराब के नशे में धुत बाबूलाल उर्फ बबलू नामक युवक ने प्रदीप पर चाकू से ताबड़-तोड़ हमला कर दिया जिससे हेड कांस्टेबल घायल हो गया। इसी बीच हवलदार और ड्राइवर घायल कांस्टेबल को संभालने में लग गए जिसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल हेडकांस्टेबल को नारनौल के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया लेकिन परिजनों ने घायल को निकटवर्ती कैलाश अस्पताल बहरोड़ ले गए।