महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) महेंद्रगढ़ के छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय व निदेशक सोशल आउटरीच कार्यक्रम की ओर से मंगलवार को कौन बनेगा करोड़पति जूनियर के विजेता मयंक के लिए संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अपने दादा साधु राम व पिता प्रदीप कुमार के साथ विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे मयंक ने विश्वविद्यालय की ओर से मिले इस सत्कार के लिए आभार व्यक्त किया। विश्वविद्यालय कुलपति ने मयंक की प्रतिभा की सराहना करने के साथ-साथ उसे भविष्य में अध्ययन हेतु विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय की आजीवन सदस्यता भी प्रदान करने की घोषणा की।
विश्वविद्यालय की समकुलपति प्रो. सुषमा यादव, विश्वविद्यालय की प्रथम महिला प्रो. सुनीता श्रीवास्तव व सामाजिक कार्यकर्ता संदीप कौशिक भी उपस्थित रहे। कुलपति, समकुलपति व स्थानीय जांट गांव से आए प्रतिनिधियों ने मयंक व उनके परिवारजनों का अभिनंदन किया। कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने मयंक की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि परिश्रम से किसी भी चुनौती को पूर्ण किया जा सकता है और महज तेरह वर्ष की छोटी सी उम्र में मयंक का यह प्रदर्शन इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है। समकुलपति प्रो. सुषमा यादव ने भी मयंक व उसके परिवारजनों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके ही अथक प्रयासों की देन है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की प्रथम महिला प्रो. सुनीता श्रीवास्तव ने मयंक से सीधे संवाद करते हुए उनकी रुचि, अध्ययन, खेलकूद आदि विषयों पर चर्चा की। जिसमें मयंक ने बताया कि वह किस तरह से अपनी पढ़ाई व खेलकूद के बीच समन्वय स्थापित करता है। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. आनंद शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में मंच का संचालन सोशल आउटरीच कार्यक्रम के निदेशक डॉ. अजयपाल ने किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय की शोध अधिष्ठाता प्रो. नीलम सांगवान, प्रो. दिनेश चहल, प्रो. रणबीर सिंह, प्रो. रंजन अनेजा सहित भारी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, शोधार्थी व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।