क्रशर पर नौकरी करने जा रहा नेपाली युवक झापट टमाटा बुधवार शाम नांगल चौधरी से क्रशर पर जा रहा था। निजामपुर रोड पर पुल के पास चक्कर आने पर गिर गया। आस-पास के लोगों ने एंबुलेंस को सूचित कर उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि युवक बीपी का रोगी था।
बुधवार को गर्मी अधिक होने के कारण उसे चक्कर आ गए और सही समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। वीरवार को चिकित्सकों की ओर से पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एक अन्य घटना में गांव डालनवास में अपनी बेटी से मिलने आई अधेड़ महिला की भीषण गर्मी के कारण मौत हो गई। रईया निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उसकी 43 वर्षीय पत्नी अंगूरी देवी बुधवार को घर से दवाई लेने के लिए कनीना कस्बे के गांव मोहनपुर नांगल के लिए गई थी।
वहां से दवा लेने के बाद उसकी पत्नी महेंद्रगढ़ के गांव डालनवास में अपनी शादीशुदा बेटी से मिलने के लिए गई थी। इसके बाद उसकी पत्नी न ही तो गांव डालनवास पहुंची और न ही गांव रईया पहुंची। वीरवार को उन्हें सूचना मिली कि गांव माधोगढ़ से डालनवास जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे उसकी पत्नी अंगूरी देवी मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। मृतका के पति ने आशंका जताई है कि भीषण गर्मी के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इतफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
गर्मी से बुजुर्ग ने तोड़ा दम, बजरंग भवन फाटक के पास मिला शव
गर्मी में एक और बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। गुरुवार शाम शव बजरंग भवन फाटक के नजदीक रेलवे एलिवेटेड ट्रैक के नीचे मिला। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। कार्रवाई को लेकर पीजीआईएमएस व जीआरपी उलझी हुई है। दो शव हिसार रोड पर एक दिन पहले मिल चुके हैं, जिनकी पहचान नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे सूचना मिली कि 60 साल का बुजुर्ग कई दिन से आसपास घूम रहा था। शाम को उसका शव एलिवेटेड ट्रैक के नीचे पड़ा मिला। शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं थे। गर्मी के चलते मरने की आशंका है। फिलहाल शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया गया है। पीजीआई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक ने बताया कि रेलवे लाइन के दायरे में होने के कारण जीआरपी को कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन जीआरपी मना कर रही है।