नारनौल। गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कहानी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
छात्रों ने हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और पंजाबी भाषाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन त्याग, सत्य और धर्म की रक्षा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, उनके आदर्शों और बलिदान से प्रेरित करना है।
कोऑर्डिनेटर कर्ण सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। हिंदी कहानी में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नारनौल की हर्षिता ने प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोथल कला की वंदना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अंग्रेजी श्रेणी में पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोजावास की दिव्या प्रथम और पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल की तमन्ना द्वितीय रही। संस्कृत कहानी में राजकीय उच्च विद्यालय सुंदरह की महक प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोथल कला की महक द्वितीय स्थान पर रही।
पंजाबी कहानी में पीएमश्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल की चेताली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में राजेंद्र सिंह (पीजीटी संस्कृत, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निजामपुर), नरेंद्र सिंह (पीजीटी संस्कृत, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आजमाबाद मोखुता), प्रवक्ता रविंद्र सैनी और बलविंदर सिंह (टीजीटी पंजाबी) शामिल रहे।