महेंद्रगढ़। लघु सचिवालय में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में 40 नागरिकों ने समस्याएं रखीं। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि सुशासन की सफलता इस बात पर टिकी है कि अधिकारी आमजन के हितों को सर्वोपरि रखें। उपायुक्त ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने पुलिस से संबंधित शिकायतों का निपटान किया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि ईमानदारी से तय वक्त में सर्विस डिलीवरी देना सरकार का लक्ष्य है। ऐसे में जायज व जनहित में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कोई कठिनाई नहीं आने दी जाएगी।
कई बार तकनीकी या कानूनी कारणों से कुछ कार्य संभव नहीं हो पाते, ऐसी स्थिति में अधिकारियों का दायित्व है कि वे नागरिकों को धैर्यपूर्वक वस्तुस्थिति समझाएं। फील्ड में काम करने वाले सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की सुरक्षा जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पूरी टीम का लक्ष्य एक ही है कि प्रत्येक नागरिक संतुष्ट होकर लौटे। नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे छोटी-मोटी बातों पर आपसी विवाद करने के बजाय सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं।
इस दौरान बिजली-पानी, परिवार पहचान पत्र, सफाई व अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतें आई। उपायुक्त ने इन सबका समयबद्ध तरीके से निपटान करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर बिजली निगम के एसई जोगेंद्र हुड्डा, तहसीलदार अजय कुमार, नगर पालिका सचिव गौरव कुमार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समाधान शिविर का समय खत्म होने के बाद भी जब उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बरामदे में लोगों की भीड़ देखी, तो वे गाड़ी में बैठने के बजाय वहीं रुक गए। उन्होंने औपचारिकता छोड़कर बरामदे में ही बैठकर एक-एक व्यक्ति की शिकायत सुनी।