महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार को काॅन्फेडरेशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी (सीयूआई) द्वारा दिल्ली में नेशनल यूनिवर्सिटी गवर्नेंस एंड मैनेजमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। प्रो. टंकेश्वर कुमार को यह अवार्ड शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ प्रशासनिक कौशल के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान व विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए निरंतर अवसर विकसित करने हेतु किए जा रहे प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है।
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में दक्षिण अफ्रीका के उच्चायुक्त प्रो. अनिल सूकलाल ने यह अवार्ड प्रदान किया। इंदिरा गांधी टेक्नोलाॅजीकल एंड मेडिकल साइंसेज यूनिवर्सिटी के चांसलर डाॅ. मारकण्डेय राय, महाबोधि इंटरनेशनल मेडिटेशन सेंटर के अध्यक्ष भिक्खु संघसेना, काॅन्फेडरेशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी व इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ एजुकेटर्स फाॅर वल्र्ड पीस के अध्यक्ष डाॅ. प्रियरंजन त्रिवेदी, द ग्लोबल ओपन यूनिवर्सिटी के चांसलर डाॅ. श्याम एन पांडे भी उपस्थित रहे। प्रो. टंकेश्वर कुमार ने गुरु जम्भेश्वर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार के कुलपति के रूप में लगभग 6 वर्षों तक कार्य किया। साथ ही उन्होंने चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी और दीनबंधु छोटू राम विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल सोनीपत का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला।