फोटो संख्या:52- हकेंवि में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेते मुख्य वक्ता व विद्यार्थी--स्रोत- हक
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय ने एजुकेशन वर्ल्ड और इंडिया हायर एजुकेशन रैंकिंग 2026-27 में सरकारी बहुविषयक विश्वविद्यालय श्रेणी में हरियाणा में दूसरा व राष्ट्रीय स्तर पर 22वां स्थान प्राप्त किया है। इसके लिए हकेंवि को दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया गया।
समारोह में विश्वविद्यालय की ओर से समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा और आईक्यूएसी निदेशक प्रो. सुरेंद्र सिंह ने भाग लेकर पुरस्कार ग्रहण किया। यह प्रतिष्ठित रैंकिंग देशभर के 2,100 से अधिक शिक्षाविदों और विशेषज्ञों के फील्ड इंटरव्यू के आधार पर तैयार की जाती है जिससे इसकी विश्वसनीयता और महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए कहा कि संस्थान गुणवत्ता, नवाचार और उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है।
प्रो-वीसी प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर 22वां स्थान प्राप्त करना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और यह शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान कार्यों व संस्थागत विकास की निरंतर प्रगति को दर्शाता है।
कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने कहा कि यह सम्मान प्रशासनिक और शैक्षणिक तंत्र की दक्षता और समर्पण का प्रमाण है। विश्वविद्यालय भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
आईक्यूएसी निदेशक प्रो. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि गुणवत्ता आधारित नीतियों, प्रभावी डेटा प्रबंधन प्रणाली और सतत मूल्यांकन प्रक्रिया का परिणाम है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंकिंग सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई।