फोटो संख्या:58- हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़--स्रोत--हकेंवि
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) ने जुलाई से ही शुरू होने वाले शैक्षणिक सत्र में उपलब्ध विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्रता नियमों में संशोधन किया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के कार्यान्वयन की दिशा में यह संशोधन किया गया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने इसको बहुविषयक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की यह पहल एनईपी-2020 के अंतर्गत स्नातक व स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को स्ट्रीम चयन के स्तर पर अधिक स्वतंत्रता प्रदान करेगी। अवश्य ही यह बदलाव विभिन्न विषयों के बीच की खाई को समाप्त करने और विद्यार्थियों को शैक्षणिक मोर्चे पर विषय चुनाव के व्यापक विकल्प प्रदान करेगा।
प्रो. संजीव कुमार ने बताया कि संशोधित पात्रता नियम ऐसे विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत का मार्ग प्रशस्त करेंगे, जो कि सीनियर सेकेंडरी व स्नातक कार्यक्रम के बाद स्ट्रीम में बदलाव की इच्छा रखते हैं। विश्वविद्यालय में सामाजिक विज्ञान, भाषा, प्रबंधन, भूगोल, पुस्तकालय और सूचना विज्ञान, पर्यटन, होटल प्रबंधन, योग, सांख्यिकी, गणित के विभिन्न विषयों में स्नातकोत्तर कार्यक्रम उपलब्ध हैं। इन कार्यक्रमों में संशोधित नियमों के बाद अब किसी भी विषय में किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों या समकक्ष ग्रेड (एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी/ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) को 5 प्रतिशत की छूट) के साथ स्नातक की डिग्री रखने वाला उम्मीदवार इनमें से किसी भी कार्यक्रम (सीयूईटी के माध्यम से) में प्रवेश के लिए आवेदन करने के लिए पात्र हैं।