सिहमा। गांव सिहमा में सूर्य घर योजना को लेकर एक जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि रहे। इसमें 30 लाभार्थियों को अनुदान के चेक दिए गए।
कैंप में अधिकारियों ने योजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। कैंप के दौरान सूर्य घर योजना के अंतर्गत राज्य स्तर से मिलने वाले अनुदान की राशि के 30 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली अनुदान राशि सीधे उपभोक्ताओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है, जबकि प्रदेश सरकार की ओर से मिलने वाला अनुदान बिजली विभाग द्वारा चेक के माध्यम से दिया जाता है।
एसई जोगेंद्र हुड्डा ने बताया कि सूर्य घर योजना के तहत 2 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाने वाले ऐसे उपभोक्ता, जिनकी वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये से कम है और जिनकी सालाना बिजली खपत 2400 यूनिट से कम है, उन्हें राज्य सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश यादव ने लोगों से बिजली संबंधी समस्याओं के साथ-साथ गांव की अन्य मूलभूत समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली।