कनीना स्थित राजकीय महाविद्यालय में नए सत्र में स्नातक की 1,200 सीटों पर दाखिले किए जाएंगे। विद्यार्थी 7 से 31 मई तक आवेदन कर सकते हैं। फिलहाल संस्थान में नए सत्र से शारीरिक विषय की शुरुआत की गई है। अब आवेदक पोर्टल पर विषय का चयन कर सकेंगे।
संस्थान में हेल्प डेस्क बनाकर विद्यार्थियों को दाखिला संबंधी जानकारी दी जाएगी। छात्राओं के लिए विशेष कक्ष बनाए हैं और पूरा संस्थान सीसीटीवी की नजर में रहता है। यहां पर सबसे अधिक सीटें बीए संकाय में हैं जबकि कॉमर्स में कम सीटें हैं। पुस्तकालय की व्यवस्था है और सभी प्रकार के विषयों के प्राध्यापकों की नियुक्ति है।
शारीरिक शिक्षा के प्राध्यापकों की नियुक्ति हो चुकी है लेकिन विषय शुरू नहीं हो रहा था। अब विषय शुरू होने पर विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल पाएगा। इनके अलावा संस्थान में दौड़, बैडमिंटन, वॉलीबाल का मैदान है और विद्यार्थी पढ़ाई के साथ खेल का अभ्यास कर सकेंगे।
वहीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए फिजिक्स, जूलोजी, केमिस्टी, बोटनी लैब की व्यवस्था की गई है। इसी तरह स्नातक के विद्यार्थियों के लिए भूगोल लैब और कंप्यूटर लैब की सुविधा उपलब्ध है। इनमें विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक कार्य करवाया जाता है।
ये रहेगा दाखिला शेड्यूल
यूजी दाखिला के लिए 7 से 31 मई तक युवा ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे। फिर 1 मई तक गलती ठीक करने का समय और 2 जून को ऑब्जेक्शन सूची प्रकाशित होगी। 6 जून तक ऑनलाइन सत्यापन और 11 जून को फाइनल सूची प्रकाशित होगी और इस सूची के आवेदक 12 जून तक फीस भर पाएंगे। दूसरी 17 को जारी होगी और इसकी फीस 22 जून तक भरी जाएगी। 24 जून से फिजिकल काउंसिलिंग कर दाखिले दिए जाएंगे।
-
ये रही कोर्स और सीटों की स्थिति
कोर्स सीटों की संख्या
बीए 640
बीएससी मेडिकल 80
बीएससी नॉन मेडिकल 320
बीकॉम 160
....................
वर्जन
नए सत्र में शारीरिक शिक्षा विषय शुरू किया गया है। हालांकि सीटों में किसी प्रकार का बदलाव नहीं है। हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। युवा किसी भी दिन आकर संस्थान की व्यवस्था व दाखिला संबंधी जानकारी ले सकते हैं।
- डॉ. नीतू यादव, नोडल अधिकारी, राजकीय महाविद्यालय, कनीना