राजकीय महाविद्यालय कनीना में एक अप्रैल से स्नातक की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होंगी। कॉलेज प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्र में कोविड-19 के मानकों का पालन करते हुए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। सभी के लिए मास्क अनिवार्य किया जाएगा।
महाविद्यालय के मुख्य परीक्षा अधीक्षक प्रो. हरिओम भारद्वाज ने बताया कि कॉलेज में एक अप्रैल से स्नातक की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। महाविद्यालय में निजी कॉलेजों के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र भी बनाया गया है। कोरोना महामारी को देखते हुए कॉलेज में परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थी बिना मास्क महाविद्यालय में प्रवेश न कर सकेंगे। परीक्षार्थी महाविद्यालय और परीक्षा भवन में मोबाइल फोन नहीं ले जा सकते। ऐसा करते पाए जाने वाले विद्यार्थी को परीक्षा से अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। बिना मास्क किसी भी विद्यार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कोई विद्यार्थी भी बिना मास्क मिला तो उन्हें जुर्माना लगाया जाएगा।
शाम के सत्र दो बजे से पांच बजे तक परीक्षाएं चलेंगी। सुबह के सत्र में अध्ययन-अध्यापन कार्य आरंभ किया जाएगा। महाविद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर लगभग एक हजार विद्यार्थी बीए प्रथम वर्ष अंग्रेजी विषय के पेपर में प्रविष्ट होंगे। परीक्षा के शांतिपूर्वक और नकल रहित संचालन के लिए व्यापक प्रबंध कर लिए गए हैं। संपूर्ण महाविद्यालय भवन को सैनिटाइज कर दिया गया है। सभी परीक्षार्थियों और स्टाफ सदस्यों को मास्क पहनने के निर्देश दे दिए गए हैं। सभी परीक्षार्थियों का प्रवेश द्वार पर ही तापमान जांचा जाएगा। हाथ सैनिटाइज कराने के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा। सामान्य से अधिक तापमान, खांसी,जुकाम के लक्षण वाले विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र में अलग कक्ष की व्यवस्था की गई है। छात्राओं के प्रवेश के लिए अलग से व्यवस्था की गई है।