फोटो नंबर-04प्रवेश अभियान को लेकर घर- घर जाकर संपर्क करते कांवी विद्यालय के शिक्षक। स्रोत-संस
नारनौल। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांवी में दाखिला अभियान के अंतर्गत प्राचार्य सुरेश कुमार ने प्रचार रथ को रवाना किया। विद्यालय की ओर से प्रवक्ता डॉ. जितेंद्र भारद्वाज ने बताया कि प्रचार रथ के माध्यम से ग्राम कांवी, ढाणी बाठोठा, तोताहेड़ी, सिलारपुर सहित ग्राम भोजावास में प्रवेश के लिए अभिभावकों को जागरूक किया गया।
प्रचार अभियान में विद्यालय के शिक्षकों ने बैनर और ऑडियो के माध्यम से प्रचार किया व डोर टू डोर संपर्क कर विद्यालय की सुविधाएं व उपलब्धियां के बारे में बताया। उपप्राचार्य विष्णु कुमार ने बताया कि गत वर्ष के बोर्ड परीक्षाओं में 22 विद्यार्थियों ने मेरिट प्राप्त की। प्रतिवर्ष हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों की एनएमएमएस प्रतियोगिता में विद्यालय में 5 विद्यार्थी 1200 प्रति माह की छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे हैं। जो उन्हें 12वीं कक्षा तक मिलती रहेगी।
पिछले वर्ष विद्यालय की छात्रा अंजू ने 12वीं में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मुख्यमंत्री से 1.11 लाख रुपये की राशि इनाम के रूप में प्राप्त की। इसके अतिरिक्त सुपर 100 एवं बुनियाद परीक्षा में विद्यालय के छात्र-छात्राएं प्रतिवर्ष शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें नीट आईआईटी के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाती है। स्कूल के विद्यार्थी न केवल शैक्षिक क्षेत्र में ही नहीं अपितु सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी अपने विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। इसके साथ बुनियाद परीक्षा में चार विद्यार्थी सफल रहे।
विद्यालय की मुख्य उपलब्धियों में विद्यालय में खेल नर्सरी स्थापित है, जिसमें एथलेटिक्स व खेलों के साथ विद्यार्थियों को फिजिकल प्रशिक्षण भी दिया जाता है। इस अवसर पर उपप्राचार्य विष्णु कुमार, प्रवक्ता राजेश कुमार, मुंशीराम, अशोक कुमार, डॉ. जितेन्द्र कुमार, रामनिवास, अखिलेश, ललिता, कुलदीप, शिल्पा, एबीआरसी महेश, चारु, मनजीत, संदीप, अशोक, यश आदि उपस्थित रहे।