फोटो 36महावीर चौक के पास बारिश के बीच गुजरते वाहन।संवाद
नारनौल। नारनौल और अटेली में हल्की बारिश की शनिवार देर शाम गतिविधियां देखने को मिली। जिला महेंद्रगढ़ में लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। साथ ही लगातार बादलों की आवाजाही बनी हुई है।
इससे पहले शुक्रवार की रात से शनिवार अलसुबह तक जिला महेंद्रगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया गया। इस दौरान नारनौल में 20.5, महेंद्रगढ़ में 11, अटेली में 16.5, नांगल चौधरी में 10.5 और सतनाली में 8.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिले में लगातार तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। जिसकी वजह से नारनौल और महेंद्रगढ़ का दिन और रात का तापमान क्रमश 36.8 व 25.5 और 36.6 व 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मानसून टर्फ पिछले एक सप्ताह से हरियाणा राज्य के उत्तर में कभी मध्य में तो कभी दक्षिणी हिस्सों और कभी राजस्थान पर पहुंच रही है। जिसकी वजह से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार मौसम परिवर्तन शील बना हुआ है। जहां बारिश होती है वहां मौसम सुहावना और जहां बारिश नहीं होती वहां उमसभरी गर्मी से आमजन को रूबरू होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर 27 जुलाई को सक्रिय होने से 31 जुलाई तक हरियाणा एनसीआर दिल्ली के दक्षिणी जिलों बारिश की संभावना बन रही है।