संवाद न्यूज एजेंसी
कनीना। कनीना-चरखी दादरी रोड पर दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में नौ लोग घायल हो गए तथा एक बच्ची की मौत हो गई।
सोमवार को गांव खेड़ी तलवाना निवासी आमिर खान (25), सचिन (25), संदीप (27), अय्यब खान (26) शहरदीन (28) गांव खेड़ी से आई-20 कार में सवार होकर मेवात जा रहे थे। दूसरी ओर गांव नौताना निवासी नित्यानंद (64) अपने परिवार के सदस्य, संदीप (36), थीया (करीब चार वर्ष), भूमि (8), जाह्ववी (11) वर्ष वैगनार गाड़ी में सवार होकर कनीना स्थित अपने रिश्तेदार से मिलकर गांव नौताना वापस जा रहे थे। दोपहर तीन बजे गांव खेड़ी तलवाना के बाबा भोलागिरि मंदिर के पास पहुंची तो आमने-सामने की टक्कर हो गई।
आसपास के लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को उपचार के लिए उप नागरिक अस्पताल कनीना पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। घटना स्थल पर पहुंचे लोगों ने गाड़ी के शीशे तोड़ व खिड़कियों को उखाड़ लोगों को बाहर निकाला।
-
सोमवार दोपहर बाद उन्हें सूचना मिली थी कि गांव खेड़ी-तलवाना के पास सड़क हादसा हो गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद टीम सहित मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को उपचार के लिए उप नागरिक अस्पताल कनीना पहुंचाया। उपचार के दौरान नौताना निवासी थीया की मौत हो गई थी। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी भी तरफ से कोई शिकायत नहीं मिल पाई है। शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- उप निरीक्षक महाबीर सिंह, सदर थाना कनीना।