सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि मानसून सीजन के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चल रहे बाढ़ प्रबंधन एवं जल निकासी संबंधी विकास कार्य जल्द पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश से पहले सभी संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं।
मानसून सीजन में बाढ़ प्रबंधन कार्यों की समीक्षा के लिए उपायुक्त नेहा सिंह ने लघु सचिवालय में शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक ली। उपायुक्त ने कहा कि यमुना नदी, नहरों, ड्रेनों व जल निकासी मार्गों की नियमित सफाई, कमजोर तटबंधों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। उन्हाेंने एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कार्यों का नियमित निरीक्षण करें।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि मानसून सीजन के दौरान बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित करने के लिए लगाए गए सभी पम्पिंग सेट पूरी तरह दुरुस्त होने चाहिए। जिन क्षेत्रों में जलभराव की आशंका अधिक रहती है, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए।
उपायुक्त ने नगर निगम व सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र से गुजरने वाली ड्रेनों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। सफाई के दौरान निकलने वाली मिट्टी व कचरे का तुरंत उठान करवाया जाए, ताकि दोबारा जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो।