फोटो संख्या:60- स्टेट हाईवे 148बी पर बेसहारा गोवंश को रेडियम बेल्ट बांधते गोरक्षा दल के सदस्य--
महेंद्रगढ़। शहर के मुख्य सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा गोवंश से अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। इन हादसों को रोकने के लिए गोरक्षा दल से जुड़े संदीप व पंकज की टीम ने महेंद्रगढ़ 148बी स्टेट हाईवे के आसपास घूम रहे 45 बेसहारा गोवंशों को रेडियम बेल्ट लगाकर सराहनीय कार्य किया है।
संस्था के प्रधान सूरज व उप प्रधान पंकज ने बताया कि बेसहारा गोवंशों को रेडियम बेल्ट बांधने के लिए जिले में टीम गठित की हुई है। नारनौल, महेंद्रगढ़, कनीना, सतनाली में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को रेडियम बेल्ट बांधने के लिए अभियान शुरू किया गया है। शहर में अधिकांश बेसहारा गोवंश हाईवे व सड़कों के किनारों पर बैठता है। इसके कारण हादसों की संभावना बढ़ जाती है। बेल्ट से वाहन चालकों को दूर से ही बेसहारा गोवंश होने का अंदेशा हो जाएगा और सड़क हादसा पर अंकुश लगेगा।। महेंद्रगढ़ की टीम में मनोज, दीपक, नवीन शामिल रहे।
जिलेभर में चलेगा अभियान
टीम के सदस्यों ने बताया कि बुधवार रात को स्टेट हाईवे 148-बी पर कैंची मोड से गांव सिसोठ मार्ग तक करीब 45 बेसहारा गोवंश, नारनौल में नसीबपुर से महेंद्रगढ़ तक 25 गोवंश, सतनाली में महेंद्रगढ़ से लुहारू मार्ग तक 20, कनीना में कनीना बस स्टैंड से रेवाड़ी- कोसली मार्ग तक 25 बेसहारा गोवंशों को रेडियम बेल्ट बांधी गई। रेडियम बेल्ट टीम के सहयोग से रेवाड़ी से मंगवाई गई हैं। एक सप्ताह तक बेसहारा गोवंश को बेल्ट लगाई जाएगी। ये रेडियम बेल्ट गले व सींगों पर बांधी गई है। अगर वाहन आए तो दूर से ही रेड लाइट में नजर आएगी।
पांच टीमें लगाई गईं
प्रधान सूरज ने बताया कि गोरक्षा युवा टीम एपी महेंद्रगढ़ में 21 सदस्य है। इस अभियान के लिए पांच टीमें गठित की गई है। महेंद्रगढ़, नारनौल, कनीना व सतनाली में एक-एक टीम लगाई गई है। जबकि एक टीम जिले में आए दिन गो तस्करी का मामला हो रहा है। उसकी निगरानी के लिए लगाई हुई हैं। महेंद्रगढ़ व कनीना में पांच-पांच सदस्यों की एक-एक टीम कार्य कर रही है।, नारनौल व सतनाली में तीन-तीन सदस्यों की एक-एक टीम लगाई गई है।