भिवाड़ी। रामपुर मुंडाना औद्योगिक क्षेत्र में आरआईआईसीओ डंपिंग यार्ड में लगी आग ने बुधवार को विकराल हो गई। मंगलवार से लगी आग अब डंपिंग यार्ड के आधे से अधिक हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी है। आग से उठ रहा घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है।
आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। शुरुआत में आग सीमित क्षेत्र में थी लेकिन बुधवार को तेज हवाओं और कचरे की अधिकता के कारण यह तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही आरआईआईसीओ फायर स्टेशन की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं।
आग से उठ रहे धुएं ने आसपास के इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत हो रही है और घरों में रहना मुश्किल हो गया है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है लेकिन स्वास्थ्य पर असर को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर निगरानी बनाए हुए हैं।