गांव मौड़ी निवासी दुकानदार सुरेंद्र कुमार के फर्नीचर हाउस में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। दुकानदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वह काफी दिनों से फर्नीचर की दुकान चलाता है। शनिवार रात वह रोजाना की तरह दुकान को ठीक प्रकार से बंद करके पास में ही स्थित अपने घर चला गया था। रात करीब 12 बजे पड़ोसी ने दुकान में आग धधकते हुए देखी तथा इसकी सूचना दुकानदार सुरेंद्र को दी।
दुकानदार उसी समय मौके पर पहुंचा। इसी बीच आवाज सुनकर अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। तब तक आग उग्र रूप ले चुकी थी। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग को बुझाने की कोशिश की। इसी बीच दमकल विभाग को भी सूचित करने के प्रयास किए गए लेकिन संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों ने मोटर चलाकर मटके, बाल्टियों के जरिए पानी डालकर आग बुझाई। कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। तब दुकान में रखा फर्नीचर का सारा सामान जल गया था। दुकानदार सुरेंद्र ने बताया कि गल्ले में रखे करीब 50 हजार रुपये भी जल गए। छत व दीवारों में दरारें आ गई। दुकानदार ने बताया कि आग की इस घटना में उसे करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानदार ने प्रशासन व सरकार से नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा दिए जाने की मांग की है।