कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन में करीब 52 दिन बाद से शुक्रवार से रोडवेज की बसों का संचालन शुरू होगा। इसमें एक बस नारनौल से पंचकूला और दो बसें नारनौल से रेवाड़ी के बीच चलेंगी। यात्रियों को ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। नारनौल से रेवाड़ी का किराया 50 रुपये रखा गया है। पहले यह किराया 45 रुपये था।
रोडवेज के जीएम नवीन भारद्वाज ने बताया कि विभाग से मिले निर्देशों के तहत बसों का संचालन किया जाएगा। बस स्टैंड की साफ-सफाई कराई जा चुकी है। कैंपस को सैनिटाइज कर सोशल डिस्टेंस के लिए मार्क करा दिया गया है। नारनौल डिपो से सुबह साढे़ आठ बजे बस पंचकूला के लिए रवाना होगी। बस नारनौल से महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और रोहतक होते हुए पंचकूला पहुंचेगी। बस का किराया 350 रुपये रहेगा। नारनौल से रेवाड़ी के लिए बस सुबह साढ़े आठ बजे और दोपहर डेढ़ बजे चलेगी। रेवाड़ी से नारनौल वापसी में बसें दोपहर 12 बजे और तीन बजे चलेंगी। नारनौल से रेवाड़ी का किराया 50 रुपये है। पहले नारनौल से रेवाड़ी का किराया 45 रुपये था। बस सेवा का लाभ उठाने के लिए रोडवेज के पोर्टल पर ऑनलाइन टिकट बुक करना होगा। बस स्टैंड कैंपस में उन्हें ही प्रवेश दिया जाएगा, जिनका टिकट कंफर्म होगा। एक बस में 30 यात्रियों को ले जाया जाएगा। बस स्टैंड पर यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी और सभी को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। रोडवेज के चालकों-परिचालकों को मास्क पहनने और साथ में सैनिटाइजर रखना होगा। बस स्टैंड प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि बस स्टैंड की सफाई करा दी गई है। उन्होंने बताया कि कंफर्म टिकट वालों को ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा। बस स्टैंड पर सोशल डिस्टेंस के पालन के लिए इंतजाम कराए गए हैं। बता दें कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए 24 मार्च से लॉकडाउन लागू हो गया था। इसके बाद से रोडवेज का संचालन बंद कर दिया गया था। ग्रीन जोन में शामिल महेंद्रगढ़ जिले में बस सेवा की शुरू की जा रही है।