महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है और दाखिला लेने के लिए युवाओं के पास महज चार दिन का समय शेष है। इस दौरान सीयूईटी पास विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। अब तक 43 कोर्यों की 1457 सीटों पर 2535 आवेदन आए हैं।
स्कूल ऑफ बेसिक के तहत रसायन विज्ञान, कंप्यूटर साइंस एंड टैक्नोलॉजी, भूगोल, गणित, भौतिकी एवं खगोल भौतिकी और सांख्यिकी सहित छह विभाग शामिल किए गए हैं। इनमें दाखिले की प्रक्रिया सीयूईटी (पीजी) के माध्यम से जारी है। दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थी 12 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पहली काउंसिलिंग की श्रेणीवार लिस्ट 16 जून को जारी की जाएगी। पहली काउंसिलिंग में सीट पाने वाले विद्यार्थी 17 जून 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा करवा सकेंगे। दूसरी काउंसिलिंग के लिए 18 जून को मेरिट सूची जारी की जाएगी। इस सूची के आवेदक 19 जून तक ऑनलाइन फीस जमा करवा सकेंगे।
वहीं, तीसरी काउंसिलिंग के लिए 20 जून को मेरिट सूची जारी की जाएगी। इस सूची के आवेदकों को 22 जून तक फीस भरने का मौका मिलेगा। इसी तरह चौथी मेरिट सूची 23 जून को जारी की जाएगी और इसकी सूची के आवेदक 24 जून तक फीस जमा करवाकर अपनी सीट पक्की कर सकेंगे।
कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि स्कूल में विशेषज्ञ व विख्यात शिक्षक उपलब्ध हैं और विभागों की प्रयोगशालाएं अत्याधुनिक उपकरणों से लैस हैं।
25 जून को जारी होगी रिक्त सीटों की सूची
हकेंवि की ओर से चार काउंसिलिंग करने के बाद अगर सीट रिक्त रहती हैं तो संस्थान की ओर से 25 जून को रिक्त सीटों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद ओपन काउंसिलिंग की तिथि जारी की जाएगी। वहीं, 14 जुलाई से कक्षाएं शुरू होंगी।
- वर्जन:
अभी तक संस्थान में 2535 आवेदन आ चुके हैं लेकिन 12 जून तक आवेदन की प्रक्रिया जारी रहेगी और मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। अगर सीटें रिक्त रहती हैं तो ओपन काउंसिलिंग की जाएगी।
-डॉ. सुमित कुमार, प्रभारी, दाखिला समिति