फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने वीरवार देर सायं नारनौल स्थित हीरो होंडा चौक स्थित शीतल रेस्टोरेंट पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने रेस्टोरेंट से दूध, बर्फी व लड्डू के सैंपल भरे और उन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया है। इसके अलावा टीम ने गांव मंढाना स्थित भगवत रसगुल्ला भंडार से भी रसगुल्लों के सैंपल भरे।
खाद सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि रेस्टोरेंट के एक्सपायर दूध दिए जाने का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसके बाद उन्होंने यहां पर छापा मारा। यहां उन्होंने छीर नामक कंपनी के दूध के सैंपल लिए। इसके अलावा बर्फी व लड्डू के भी सैंपल लिये हं। उन्होंने बताया कि विभाग के पास ढाबा संचालकों द्वारा जिला में नकली पनीर बनाने की शिकायतें आ रही हैं। जिसके चलते उन्होंने गत सप्ताह शहर के छिप्पी होटल एवं ढाबा, रेवाड़ी रोड स्थित सोनी होटल व बाईपास स्थित खालसा ढाबा से पनीर के सैंपल लिये थे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा महावीर मार्ग स्थित ओल्ड राव स्वीट्स से भी इसी सप्ताह पनीर के सैंपल लिये गए।
दीपावली पर लिये थे 30 नमूने, 19 की आई रिपोर्ट, चार मिले फेल
खाद सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि दीपावली पर लिये गए 30 नमूनों में से 19 की रिपोर्ट आ चुकी हैं। इनमें से चार सैंपल फेल हो गए। इन फेल हुए नमूनों के आधार पर मिठाई की दुकानों के संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।