नारनौल में सुबह के समय छाए घने कोहरे में लाईट जलाकर रेंगते वाहन।
नारनौल। दो-तीन दिन राहत के बाद हाड़कंपा देने वाली कड़ाके की ठंड दोबारा से कहर बरपा रही है। कड़ाके की ठंड, कोहरे व शीतलहर के चलते आम जन-जीनव बुरी तरह से प्रभावित बना हुआ है, क्योंकि जिला महेंद्रगढ़ की रातें पूरे प्रदेश में सबसे ठंडे बनी हुई है। हालांकि बुधवार को मंगलवार के मुकाबले रात्रि के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को नारनौल न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं महेंद्रगढ़ का न्यूनतम तापमान भी 6.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि समूचे उत्तर भारत समेत हरियाणा एनसीआर दिल्ली में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का कहर जारी है। वातावरण में नमी की प्रचुरता होने से, साथ ही शांत हवाएं की स्थिति होने से कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। इस कारण दो-तीन दिनों से 11 से 12 बजे के बीच सूर्यदेव के दर्शन हो रहे हैं। इससे कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा हुआ है। इस बीच पश्चिमी विक्षोभों का भी जिले में आंशिक असर दिखाई दिया। इसकी वजह से क्षेत्र में सूखी ठंड अपने प्रचंड तेवरों से आगाज किए हुए हैं। जिस कारण जिले का पारा लुढ़क कर हिमांक बिंदु के आसपास पहुंच गया था। बुधवार को हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस से 6.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जबकि जिले में नारनौल और महेंद्रगढ़ के रात्रि तापमान क्रमश: 3.5 डिग्री सेल्सियस और 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए गए। एक ही दिन में रात्रि तापमान में हल्का उछाल देखने को मिला। वहीं नमी की मात्रा में बढ़ोतरी होने से संपूर्ण इलाके में एक बार फिर से निचले स्तर पर कोहरा देखने को मिला। इससे दोपहर बाद सूर्य के दर्शन हुए और चमकदार और सुनहरी धूप खिलने से आमजन को हाड़ कंपा देने वाली ठंड से आमजन को राहत मिली, मगर शीतलहर अभी भी अपने तीखे तेवरों से जिला महेंद्रगढ़ पर आगाज किए हुए हैं। हवाओं की दिशा बदल कर फिर से उत्तरी बर्फीली होने से संपूर्ण इलाके में फिर से रात्रि तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। यानी आने वाले दिनों में अभी आमजन को हाड़ कंपा देने वाली ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। सुबह के दौरान कोहरा, शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। इसलिए भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।