फोटो नंबर- 06बिजली अदालत में शिकायत दर्ज करवाते उपभोक्ता। संवाद
नारनौल। सिंघाना रोड स्थित बिजली निगम सर्कल कार्यालय में मंगलवार को बिजली अदालत लगाई गई। इस में 6 उपभोक्ताओं ने अधीक्षण अभियंता जोगेंद्र हुड्डा से शिकायत दर्ज करवाई।
अदालत में महेंद्रगढ़ शहरी क्षेत्र से दो, नारनौल शहरी क्षेत्र से दो, नांगल चौधरी से एक और सिहमा से एक उपभोक्ता ने शिकायत दर्ज करवाई। महेंद्रगढ़, नारनौल और नांगल चौधरी क्षेत्र के 5 उपभोक्ताओं ने बिजली बिल में कटौती की मांग करते हुए कहा कि उपयोग और आर्थिक स्थिति के अनुसार बिजली बिल जमा करते हैं, लेकिन फिर भी बिजली बिल बहुत बकाया है।
इसके बाद अधीक्षण अभियंता जोगेंद्र हुड्डा ने बकाया बिजली बिल की जांच करने और उसकी किस्त बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं सिहमा क्षेत्र से एक उपभोक्ता ने बिजली चोरी के मामले में अधिक जुर्माना लगाने की शिकायत दर्ज करवाई।
कहा कि बिजली चोरी करने पर लगाया गया जुर्माना बहुत अधिक है और वह इसे चुकाने में असमर्थ है। इसलिए जुर्माने में कटौती की जाए। वह भविष्य में कभी बिजली चोरी नहीं करेगा। अधीक्षण अभियंता ने अधिकारियों को जुर्माने की गणना की जांच करने के निर्देश दिए।