नारनौल। अटेली के गांव राजपुरा निवासी एक व्यक्ति से ठगों ने परिचित बनकर पांच लाख रुपये अपने खाते में डलवा लिए। इस बारे में पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दी है।
गांव राजपुरा निवासी कृष्ण कुमार ने साइबर थाने में दी शिकायत में बताया कि उसके मोबाइल पर एक नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई जिसमें उसने उसका भाई नवीन बताते हुए कहा कि वह उसके खाते में 10 लाख रुपये उसके पास भेज रहा है। इसमें उसने 5 लाख रुपये उसको रखने और 5 लाख रुपये उसके एजेंट के खाते में डालने की बात कही। उसके बाद उसने दोबारा कॉल करके कहा कि यह राशि 24 से 72 घंटे में आएगी, लेकिन उसको 5 लाख की अभी जरूरत है इसलिए वह उसके पास 5 लाख रुपये भेज दे। इस पर उसने उसके द्वारा बताए गए अकाउंट में एक दिन 2 लाख रुपये तथा दूसरे दिन 3 लाख रुपये डाल दिए। बाद में उसे पता चला कि उक्त व्यक्ति ने उसके साथ ठगी की है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।