सीआईए नारनौल ने सोमवार की रात गांव बुचावास के पास डकैती की साजिश रचते पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से एक चोरी की गाड़ी भी बरामद की है। इन लोगों ने पिछले सप्ताह आकोदा बस स्टैंड से मोबाइल की दुकान से चोरी की वारदात को भी कबूला है। पांचों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। जहां पर न्यायाधीश ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
सीआईए नारनौल को गुप्त सूचना मिली कि गांव बुचावास क्षेत्र में कुछ लोग डकैती की साजिश रच रहे थे। सूचना के आधार पर सीआईए ने पांच लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। जिसमें जिले के गांव खेड़की निवासी प्रवीण, बचीनी निवासी अक्षय ,चंदपुरा निवासी प्रवेश, गनियार निवासी रोहित तथा रेवाड़ी जिले के गांव मसीत निवासी महेश को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों पर थाना सदर नारनौल में मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से एक लूटी हुई गाड़ी बरामद की गई है। इस गाड़ी को आरोपियों ने पिछले सप्ताह रेवाड़ी जिले के खोल क्षेत्र से छीना था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी, लूट, डकैती की कई वारदातों को कबूल किया है। आरोपियों ने 7 जनवरी को आकोदा बस स्टैंड पर मोबाइल की दुकान में चोरी करने की वारदात को अंजाम देना भी कबूल किया है। जिसमें आरोपी दुकान का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये की कीमत के मोबाइल फोन एवं एसेसरीज, कंप्यूटर सैट सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने महेंद्रगढ़ कोर्ट में पेश कर न्यायाधीश से दो दिन का पुलिस रिमांडा मांगा था। न्यायाधीश ने पांचों आरोपियों को दो दिन का पुलिस रिमांड दे दिया है।