गांव गाहड़ा में खेत में जली गेहूं की फसल
- फोटो : Narnol
कनीना। गांव गाहड़ा में मंगलवार की आधी रात संदीप के खेत में आग लग गई। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची तब तक एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ित किसान ने एसडीएम को पत्र देकर मुआवजा की गुहार लगाई है। किसान ने कहा कि शार्ट सर्किट के कारण फसल जली है।
गांव गाहड़ा निवासी संदीप ने बताया कि उसने एक एकड़ में गेहूं की फसल लगाई थी। उन्होंने फसल की कटाई कर दी थी। फसल को निकालने की तैयारी थी। संदीप ने कहा कि उसके खेत से बिजली की लाइन गई हुई है। मंगलवार की आधी रात किसी ने बताया कि उसकी फसल में आग लग गई है। फायर ब्रिगेड को फोन कर जब तक खेत पहुंचे तब तक आग पूरी तरह से लपट पकड़ चुकी थी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक फसल पूरी तरह से राख हो चुकी थी। संदीप ने कहा कि उसकी फसल में बिजली की लाइनों में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। बिजली की लाइनों को हटवाने के लिए कई बार मांग कर चुका है। खेत में पानी लगाते समय भी उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फव्वारों की लाइन बदलते समय पाइप बिजली की लाइनों से टकराने की आशंका बनी रहती है। बिजली निगम की इस गलती के कारण उसकी छह महीने की मेहनत बर्बाद हो गई। अब उसके पास घर चलाने के लिए अन्य संसाधन नहीं है। फसल का मुआवजा दिलाया जाए।