फोटो संख्या:79- गांव खातोद में कड़बी में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मचारी--संवाद
- फोटो : सांकेतिक
महेंद्रगढ़। क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात कारणों से कड़बी में आग लगने से किसानों को भारी नुकसान हुआ। दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
दमकल कर्मचारी प्रदीप ने बताया कि शाम चार बजे सूचना मिली कि गांव मालड़ा सराय के किसान वीरेंद्र ने ढाई एकड़ की कड़बी एकत्रित करके रखी थी जिसमें अज्ञात कारणों से आग लग गई। दमकल कर्मचारियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दूसरी घटना गांव खातोद की है जहां किसान मनोज के खेत में रखी 17 एकड़ की कड़बी में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां बुलानी पड़ीं। शाम सात बजे तक कर्मचारी आग बुझाने में जुटे रहे। आग की घटनाओं से प्रभावित किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा देने की मांग की है।