मंडी अटेली। अटेली स्थित 132 केवी पावर हाउस में सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई। इससे पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। यह हादसा अधिक लोड और ट्रांसफार्मर में हुई स्पार्किंग के कारण हुआ। आग लगते ही आसपास के कई गांवों की बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई और बिजली निगम को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान पावर हाउस से जुड़े गणियार, कांटी, भीलवाड़ा, महासर और दुबलाना 33 केवी सब स्टेशनों से जुड़े लगभग 70 गांवों की बिजली प्रभावित रही।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, सोमवार को भीषण गर्मी के कारण पावर हाउस पर लोड काफी बढ़ गया था जिससे ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग हुई और आग भड़क उठी। जिन गांवों में एलुमिनियम तार से सप्लाई थी, वहां 3 से 4 घंटे में बिजली बहाल कर दी गई, लेकिन केबल आधारित गांवों में बिजली लंबे समय तक बाधित रही।
गर्मी और उमस के बीच लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली निगम की टीम ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है और आपूर्ति जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
निगम को 16 लाख का नुकसान
अप्रैल-मई में आंधी व अधिक लोड के कारण अब तक जिले में बिजली निगम को करीब 60 से 70 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आंधी के कारण जिले में अब तक करीब 500 बिजली के खंभे टूट चुके हैं जिससे करीब 50 लाख और 132 केवी पावर हाउस के ट्रांसफार्मर में आग लगने से करीब 16 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
-
वर्जन :
गर्मी के कारण लोड भी अधिक पड़ रहा था, स्पार्किंग होने के कारण आग लग गई। जहां तार की सप्लाई है वह सुचारू कर दी गई है लेकिन केबल जलने के कारण सप्लाई बाधित है। केबल की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है, जल्द ही बिजली सुचारू रूप से चालू की जाएगी।
-दीपक कुमार, एसडीओ, बिजली निगम, मंडी अटेली