फोटो संख्या:51 फिल्म की शूटिंग करते निर्देशक अनिल कौशिक। स्वयं
महेंद्रगढ़। रंगमंच और टीवी कलाकार महेंद्रगढ़ निवासी अनिल कौशिक की ओर से निर्देशित शॉर्ट फिल्म “सपने ऊंचे नहीं सच्चे होने चाहिए” का चयन अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव के लिए हुआ है। इससे पहले यह फिल्म जनवरी में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित रत्नावली उत्सव में बेस्ट शॉर्ट फिल्म का पुरस्कार भी जीत चुकी है।
एसवीएसयू विश्वविद्यालय के लिए निर्मित इस फिल्म को युवाओं के कौशल और स्किल आधारित शिक्षा पर केंद्रित विषय के लिए सराहा गया था। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर चयन होने पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दिनेश कुमार ने युवा कार्यक्रम निदेशक अनिल कौशिक को बधाई दी है। यह फिल्म जल्द ही हरियाणा अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव में भी बेस्ट फिल्म श्रेणी में प्रदर्शित होगी।
अनिल कौशिक ने बताया कि पूरी फिल्म पटकथा लेखन, शूटिंग और एडिटिंग सिर्फ तीन दिनों में पूरी की गई। फिल्म में विश्वविद्यालय के छात्रों ने ही अभिनय किया है। कौशिक इससे पहले भी कई डाक्यूमेंट्री और शॉर्ट फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
-
पुलिस के लिए भी बना रहे शॉर्ट फिल्म
अनिल कौशिक के निर्देशन में हरियाणा पुलिस के लिए एंटी ड्रग्स विषय पर बनने वाली शॉर्ट मूवी के निर्माण का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। शीघ्र ही यह फिल्म विवि और शिक्षण संस्थाओं व पंचायतों में भेजी जाएगी। शीघ्र ही भारत सरकार का एनसीवी मंत्रालय भी उनके अनुभव को मान्यता प्रदान कर अलग से जिम्मेदारी सौंपने जा रहा है।