मंडी अटेली। ग्राम पंचायत खोड़ में पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पंचायत की होलिका दहन वाली जमीन पर गांव के ही दो व्यक्तियों पर जबरन चिनाई कर नाले को अवरुद्ध करने का आरोप लगाया गया है।
सरपंच नूपुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया कि गांव खोड़ की होलिका दहन की पंचायत भूमि के आधे हिस्से में होलिका दहन होता है और आधी जगह पर गंदे पानी के लिए जोहड़ी बनी हुई है। आसपास के लगभग 100-150 घरों का गंदा पानी व बारिश का पानी नाले के माध्यम से इसी में जाता है।
आरोप है कि इसी नाले के ऊपर लगभग 15 बाई 15 फीट जगह पर गांव के दो लोगों ने जबरन ईंटें लगाकर गंदे पानी की निकासी को बाधित किया जा रहा है। पंचायत के समझाने के बावजूद दोनों ने चिनाई कर कब्जे की कोशिश जारी रखी।
पंचायत ने बताया कि इस नाले के लिए पहले ही पैमाइश करवाई गई थी और दक्षिण दिशा में पैमाइश रिपोर्ट के अनुसार अवैध कब्जा पाया गया है। यह मामला पंचायत स्तर पर लंबित था।
प्रस्ताव पारित कर ग्राम पंचायत ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को पंचायती भूमि पर नाजायज कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
जिस पर संज्ञान लेते हुए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने थाना प्रबंधक अटेली को पत्र लिखकर ग्राम पंचायत की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने एवं अवैध कब्जा करने के मामले में एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की है।