मंडी अटेली(नारनौल)। अटेली विधानसभा क्षेत्र से बसपा-इनेलो के प्रत्याशी अतरलाल ने मतगणना में गड़बड़ी, धांधली, हेराफेरी और तानाशाही का आरोप लगाया है। निर्वाचन आयोग में दायर याचिका में उन्होंने बताया है कि वह प्रारंभ से लेकर 15 राउंड तक लीड पर थे, लेकिन काउंटिंग के रुकने के बाद उनकी लीड घटने लगी। दोपहर बाद मतगणना में हुई गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच करवाकर अटेली का विधानसभा चुनाव रद्द करके दोबारा चुनाव कराने की मांग की है।
पत्रकारों से अपना पक्ष रखते हुए अतरलाल ने कहा कि उन्हें मतगणना में हेराफेरी और तानाशाही कर जबरन हराया गया है। मतगणना नियमों के खिलाफ जाकर मतगणना को सवा घंटा रोका गया। चुनाव नियमावली के अनुसार मतगणना शुरू होने के बाद एक मिनट के लिए भी मतगणना नहीं रुकनी चाहिए। अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने पर भी मतगणना चालू नहीं की गई। इस दौरान ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी की गई। सवा घंटा तक मतगणना चालू नहीं की गई। स्ट्राॅन्ग रूम से जो ईवीएम मशीनें आई, उनमें से अधिकतर मशीनों की बैटरी 99 प्रतिशत चार्ज थी। जिन ईवीएम की बैटरी 60 से 70 प्रतिशत सामान्य थी। उनमें बसपा इनेलो के प्रत्याशी को लीड मिली। हमने मतगणना स्थल पर उपस्थित रिटर्निंग आफिसर को लिखित में प्रार्थना पत्र देकर दोबारा मतगणना कराने की मांग की, लेकिन रिटर्निंग आफिसर ने दोबारा मतगणना कराने से इंकार कर दिया। उन्होंने धांधली, हेराफेरी और तानाशाही की उच्च स्तरीय जांच करवाकर चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग की है।