नारनौल। नारनौल-रेवाड़ी नेशनल हाईवे नंबर 11 पर बरात में शामिल होकर वापस रेवाड़ी लौट रहे एक परिवार के साथ मारपीट करने, गाड़ी को तोड़ने और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है।
पुलिस को दी शिकायत में रेवाड़ी शहर में रहने वाली एक महिला ने बताया कि वह अपने पति ओर दोनों बेटियों के अलावा अपनी बहन और उसकी बेटी के साथ गत 10 फरवरी को नारनौल के पास एक गांव में बरात में आए थे। जब वे बरात से लौट रहे थे तो गांव सुराणा के पास बरात में शामिल बोलेरो और स्विफ्ट गाड़ी सवारों ने उनकी गाड़ी को रूकवाकर शीशा तोड़ दिया। उन्होंने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीछे से उसी बरात में शामिल एक अन्य गाड़ी आकर वहां रुकी तो उक्त युवक उन्हें देखकर वहां से भाग गए। उन्होंने बताया कि उन दोनों गाड़ियों में आए लोगों में से हरीश, सिकंदर, संजीत और अर्जुन निवासी बोहका रेवाड़ी शामिल थे जबकि सात से आठ अज्ञात अन्य युवक भी थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।