फोटो नंबर-05मेरा कॉलेज, मेरे सुझाव कार्यक्रम में भाग लेती छात्राए। स्रोत: संस्थान
नारनौल। राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय रिफॉर्म उत्सव के दूसरे दिन शनिवार को छात्राओं को कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अपनी बात रखने का अवसर मिला। इसमें छात्राओं ने शिक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक कामकाज और कॉलेज की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।युवा रेडक्रॉस क्लब की ओर से ‘माय कॉलेज, माय सजेशन्स’ (मेरा कॉलेज, मेरे सुझाव) विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में छात्राओं ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने, परीक्षा प्रणाली में सुधार, छात्रवृत्ति समय पर देने और प्रमाण-पत्रों की उपलब्धता आसान करने के सुझाव दिए। इसके अलावा कॉलेज में डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने, आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर भी चर्चा हुई। छात्राओं ने कॉलेज आने-जाने के दौरान यातायात सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में छात्राओं से लिखित और मौखिक दोनों माध्यमों से सुझाव लिए गए।
प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित हरियाणा और विकसित भारत का सपना पूरा हो सकता है। विद्यार्थियों के सुझाव शैक्षणिक संस्थानों को बेहतर बनाने और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं की बातों को गंभीरता से लेना जरूरी है।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. गीता यादव ने कहा कि युवाओं को केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शासन और नीति निर्माण की प्रक्रिया में भी भागीदारी करनी चाहिए।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मुकेश यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस सत्र में डॉ. पवन कुमार, डॉ. अक्षत कुमार, डॉ. हितेश, डॉ. सुनीता, डॉ. सुभाष और डॉ. चंद्रमोहन सहित अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।