फोटो-69: बहादुरगढ़ पुलिस द्वारा पकड़े गए मॉडर्न स्कूल पर की गई फायरिंग के आरोपी। फोटो पुलिस
- फोटो : samvad
बहादुरगढ़। मॉडर्न स्कूल गेट के बाहर हुई फायरिंग के मामले की गुत्थी सुलझ गई है। आरोपी ने पत्नी से छेड़छाड़ करने पर गुस्से में आकर गोलियां चलाईं। पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी और फायरिंग के वीडियो बनाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने बताया कि फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी एमपी माजरा निवासी सतेंद्र है जबकि वीडियो बनाने वाला उसका साथी दीपेंद्र है। तीसरा आरोपी कार चालक अभी हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के साथ आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, फेसबुक व इंस्टाग्राम की मदद से आरोपियों की पहचान की।
दोनों आरोपियों को रोहतक एरिया से पकड़ा है। डीसीपी बोले, प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सतेंद्र की पत्नी के साथ शिकायतकर्ता योगेश उर्फ सीटू छेड़खानी करता था। सतेंद्र और योगेश आपस में पुराने जानकार हैं। इसी को लेकर सतेंद्र योगेश से रंजिश रखने लगा था।
सतेंद्र ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
दरअसल, शनिवार रात को शहर के बेरी रोड स्थित भाजपा नेता राकेश कोच के मॉडर्न स्कूल के बाहर फायरिंग की गई थी। आरोपी ने दोनों हाथों से पिस्तौल से नौ फायर किए। सेक्टर-2 निवासी राकेश के भाई योगेश ने थाना सेक्टर-6 में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के लिए पांच टीमें गठित कीं।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह अपने बच्चों के साथ बरसाना धाम गया हुआ था। घर लौटने के बाद रात करीब 10:30 बजे वह सो गया। सुबह बाहर निकलने पर पास स्थित स्कूल गेट के बाहर गोलियों के निशान दिखाई दिए जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।