फोटो संख्या:-72 कनीना में खाद केंद्र पर लगी भीड़। संवाद
कनीना। गेहूं और सरसों की बुआई का समय नजदीक आते ही कनीना में डीएपी खाद की मांग बढ़ गई है। बुधवार सुबह मार्केटिंग सोसायटी कार्यालय के सामने खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए। किसानों की लंबी कतार लगने से कार्यालय के बाहर काफी भीड़ दिखाई दी।
मार्केटिंग सोसायटी के मैनेजर जगराम ने बताया कि कनीना में डीएपी की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग को रिपोर्ट भेजी गई थी। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर 500 बैग डीएपी उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि खाद का वितरण केवल उन्हीं किसानों को किया जाएगा, जिन्होंने मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाया है।
खाद लेने के लिए किसानों को आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। किसानों ने बताया कि गेहूं और सरसों की बुआई के लिए डीएपी की जरूरत है। समय पर खाद मिलने से खेतों में बुआई की तैयारी करने में सुविधा होगी।
सुबह से ही किसान सोसायटी कार्यालय के सामने कतार में खड़े रहे। किसानों को उम्मीद है कि बुआई के सीजन में खाद की उपलब्धता बनी रहेगी, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।