नारनौल। एक सप्ताह से क्षेत्र में पड़ रहे पाले की वजह से रबी की फसल खराब होने को लेकर नांगल चौधरी विधानसभा के गांवों के किसानों ने डीसी कार्यालय के बाहर धरना दिया। इस मौके पर उन्होंने डीसी को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा।
पाले के कारण खराब हुई सरसों और गेहूं की फसल का मुआवजा दिलाए जाने की मांग को लेकर अनेक गांव के लोगों ने गुरुवार को डीसी ऑफिस के बाहर धरना दिया। जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी उपायुक्त को सौंपा। इस मौके पर अनेक गांव के ग्रामीण उपस्थित थे।
नांगल चौधरी खंड के गांव तोताहेड़ी, दोंगली तथा सिलारपुर आदि गांव के किसानों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया। इस मौके पर उन्होंने उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा तथा खराब हुई फसल दिखाई। किसान रामकरण, कदम सिंह, सज्जन सिंह, सत्यवीर, सुरेंद्र कुमार, राजपाल, सिंहराम ने बताया कि 10 दिन से लगातार जबरदस्त ठंड पड़ रही है जिसकी वजह से उनकी फसलें पूरी तरह खराब हो गई है इसलिए सरकार को चाहिए कि वह 30 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दक्षिणी हरियाणा के किसानों को दें, ताकि किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके। नहीं तो किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएगा। वहीं इस बारे में नांगल चौधरी के विधायक डाक्टर अभय सिंह ने बताया कि सर्दी की वजह से किसानों को हो रहे नुकसान के प्रति सरकार पूरी तरह जागरूक है। कृषि विभाग द्वारा सर्वे के बाद वास्तविक नुकसान की रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। उसके बाद सरकार द्वारा स्पेशल गिरदावरी का निर्णय लिया जाएगा और सरकार अपने स्तर पर इस पर आवश्यक कार्रवाई समय पर करेगी।