नांगल चौधरी (पनियाला मोड़) से नारनौल तक सिक्स लेन के नेशनल हाईवे पर बुधवार से सिरोही बहाली पर टोल कलेक्शन का कार्य शुरू हो गया है। पहले दिन टोल वसूली की जानकारी होते ही पास के गांव के लोग पहुुंचे और किसान आंदोलन की बात कर टोल को फ्री करा दिया गया। इससे दिन भर बिना टोल दिए निकले वाहन। लोगों की मांग हैं कि उनके वाहनों को टोल फ्री किया जाए।
बता दें कि नेशनल हाईवे-148बी, जो कि नेशनल हाईवे-8 के पनियाला मोड़ से नांगल चौधरी-नारनौल-भांखरी हरियाणा बार्डर (पाचेरी) तक बनकर जनवरी में तैयार हो गया था। सिक्स लेन के हाईवे पर वाहनों का आवागमन चल रहा था। दूसरी ओर स्थानीय वाहनों के लिए दो लेन की सर्विस रोड का प्रावधान किया गया है। सिरोही बहाली के पास 16 लेन टोल बनाया है। इसमें 15 टोल शुरू हैं। यहां पर सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य का इंतजाम किया गया है। टोल पर सुबह आठ बजे टोल कंपनी एटलस ने वाहन चालकों से टैक्स वसूलना शुरू कर दी। करीब दो घंटे तक टोल पर टैक्स कलेक्शन का कार्य जारी रहा। टोल कलेक्शन की सूचना मिलते ही आसपास गांव के लोग टोल पर पहुंच गए। लोगों ने किसान आंदोलन की बात कर टोल को फ्री करा दिया। इसके बाद टोल कंपनी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। स्थानीय लोगों ने दिनभर टोल को फ्री करने की बात कही। इसके बाद से दिनभर वाहन बिना टोल दिए गुजरते रहे। ग्रामीणों के विरोध पर कंपनी ने पांच किलोमीटर एरिया तक के गांवों निजी वाहनों को टोल फ्री करने की सहमति प्रदान की। हालांकि अचानक टोल लेने से कई स्थानीय वाहन चालकों ने टोल कर्मचारियों से झगड़ा कर लिया। बाद में पुलिस भी टोल पर पहुंची। हालांकि टोल पर पहले दिन कईयों ने बहना बनाकर टोल देने से बचने का प्रयास किया। एक स्कूल के कर्मचारी ने टोल पर कहा कि उसे पता नहीं था कि टोल शुरू हो गया है। उसने पैसे न होने की बात कही। इस पर टोल कर्मी उसे जाने दिया। इसी प्रकार अन्य ने भी बहाने बनाए।
पास के गांवों को छूट देने का दिया आश्वासन
एटलस कंपनी द्वारा बुधवार को टोल प्लाजा शुरू करते ही आसपास के ग्रामीणों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि टोल के पास स्थित गांवों के ग्रामीण नांगल चौधरी व नारनौल आवागमन करते है। ऐसे में टोल फ्री नहीं करने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। कंपनी को लोकल गांवों के निजी वाहनों का टोल फ्री करना चाहिए। प्रबंधक ने पांच किलोमीटर एरिया के गांवों के निजी वाहनों का टोल फ्री करने का आश्वासन दिया। इसके लिए वाहन चालक को अपने वाहन की आरसी दिखानी होगी। कामर्शियल वाहनों के टोल फ्री नहीं होंगे। कुछ निजी स्कूल संचालक भी टोल प्लॉजा पर पहुंच गए और वाहनों को टोल फ्री करने का दबाव बनाना शुरू किया। परंतु कंपनी ने नेशनल हाईवे अथारिटी के निर्देशानुसार मंथली पास बनवाने को कहा। हालांकि कंपनी ने जल्दबाजी में टोल वसूलना शुरू कर दिया। बुधवार को कर्मचारी टोल पर टोल टैक्स का रेट लगाते दिखे।
अन्य गांवों के ग्रामीणों ने दी चेतावनी
पांच किलोमीटर तक का टोल फ्री करने की सूचना पर दूसरे गांवों के ग्रामीण भी टोल पर पहुंचे। कुछ ग्रामीणों ने कंपनी कारिदों से रायमलिकपुर तक तो दूसरों ने नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के गांवों के निजी वाहनों का टोल फ्री करने मांग दोहराई। कंपनी द्वारा शर्त नहीं मानने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। वही आरसी के बजाय आधार कार्ड आईडी को ही स्वीकृत करने की बात कही गई। लेकिन, कंपनी ने पांच किलोमीटर एरिया से अधिक में छूट को स्वीकृति प्रदान नहीं की।
जानवर या पशु नहीं आ सकेंगे एनएच पर
सिक्स लेन के हाईवे के दोनों ओर दो लेन की सर्विस रोड बनाई गई है। ऐसे में आसपास के गांवों के लोग हाईवे पर वाहन नहीं ले जा सकेंगे। इससे हाईवे के मेन कॉरिडोर पर यातायात प्रभावित नहीं होगा। दूसरे हाईवे पर प्रवेश और निकास द्वार भी जरूरी जगहों पर रखा गया है। हाईवे के दोनों पर कंकरीट की बाउंड्रीवाल बनाई गई है। जिससे पशु या जानवर हाईवे पर न आ सके।
--
15 महीने में बनकर तैयार हुआ एनएच
निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर हर्षवर्धन ने बताया कि सिक्स लेन के हाईवे को एनएचएआई को सौंप दिया गया है। करीब 45.3 किलोमीटर हाईवे पर 1137 करोड़ रुपये खर्च हुआ है। यह हाईवे पूरी तहर से सिग्नल फ्री है। इसी प्रकार रघुुनाथपुरा से पाचेरी तक भी कार्य पूरा है। हाईवे के दोनों ओर दो लेन की सर्विस रोड बनाई गई है। आसपास के गांवों के लोग हाईवे पर वाहन नहीं ले जा सकेंगे। हाईवे के मेन कॉरिडोर पर यातायात प्रभावित नहीं होगा। इस पर सितंबर 2019 में काम शुरु हुआ था। तीस माह में काम पूरा करना था। जिसे 15 माह में पूरा कर लिया गया। बता दें कि एनएच-148-बी छह मार्गीय है। एक हिस्से में कस्बा नांगल चौधरी आता है। इसमें भी बाईपास का निर्माण किया गया है। नेशनल हाईवे से निजामपुर मोड़ तक लिंक रोड बनने से नांगल चौधरी कस्बे को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी।
टोल टैक्स का रेट
वाहन के प्रकार-एक ओर का टैक्स-
कार,जीप,वैन व हल्के वाहन-60-
हल्के कार्मशियल,मिनी बस-100
ट्रक व बस (दो धुरी)-205-
तीन धुरी वाले कार्मशियल-225
एमएवी/एचसीएम/ईएमई-320
सात धुरी वाले वाहन-390
कंपनी ने बुधवार से टोल प्लाजा को शुरू किया गया है। ग्रामीणों के विरोध पर टोल से पांच किलोमीटर एरिया के गांवों के निजी वाहनों को टोल मुक्त किया जाएगा। इसके लिए चालक को वाहन की आरसी दिखानी होगी। स्कूली बसों को नेशनल हाईवे अथारिटी के निर्देशों के मुताबिक मंथली पास में छूट प्रदान की जाएगी।
मुकेश सिंगला, प्रबंधक टोल कंपनी
148बी एनएच का काम तय समय से पहले पूरा हो गया है। बुधवार से एनएच पर टोल कलेक्शन का काम शुरू हो गया है। टोल के 20 किलोमीटर के रेडियस के लोगों को पास बनवाना होगा। इसके लिए एनएचएआई ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
-पीके कौशिक, प्रोजेक्ट निदेशक एनएचएआई