बाजरे की खरीद शुरू करवाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते कियान मजदूर यूनियन।
- फोटो : Narnol
मंडी अटेली। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के जिला सचिव कामरेड बलबीर सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को बाजरे की सरकारी खरीद शुरू न होने से धरना प्रदर्शन किया गया। वहीं मुख्यमंत्री के नाम मार्केट कमेटी के सचिव यदुराज को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र के किसानों व मजदूरों के पास खेती के अलावा कोई रोजगार के साधन उपलब्ध नहीं है। किसान-मजदूर परिवार का पालन पोषण खेती पर ही निर्भर रहता है।
यहां का भूजल स्तर गिरने के कारण अन्य फसलों का लाभ किसान नहीं ले पा रहे। ऐसे में केवल बाजरे की फसल ही किसानों के लिए आमदनी का साधन है। इसलिए सरकार तुरंत एमएसपी की दर 2250 रुपये की राशि के तहत खरीद शुरू करें ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े। धरने पर बैठे एसयूसीआई के सदस्यों ने बाजरे की खरीद चालू करें, चालू करें नारे लगाकर सरकार को जगाने का कार्य किया। संगठन के सदस्यों ने सरकार से मांग की कि रबी की फसल की बिजाई करने से पूर्व डीएपी खाद का छिड़काव करना अति आवश्यक होता है लेकिन सरकारी दुकानों पर डीएपी खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण किसान चिंतित है। फसल की बिजाई में प्रतिदिन देरी होती जा रही है ऐसे में डीएपी खाद भी समय रहते उपलब्ध कराएं। इस मौके पर ब्लॉक प्रधान अमर सिंह, सूबेसिंह, राम सिंह, शेर सिंह, गजराज सिंह व घनश्याम आदि उपस्थित रहे।