नारनौल। हरियाणा बोर्ड 10वीं के परिणाम में गांव बिहारीपुर की छात्रा निक्की ने 98.8% अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान पाया है। इस सफलता से उसके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
निक्की के पिता हवा सिंह खेती-बाड़ी करते हैं और माता अंजू देवी गृहिणी हैं। मेघोत हाला के विल्ला शिक्षा निकेतन स्कूल की निक्की ने बताया कि उसने यह सफलता अपने माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन से हासिल की है।
उसने अपनी पढ़ाई के लिए पहले से टाइम टेबल बनाया और उसी के अनुसार हर विषय की तैयारी की। उसने केवल किताबों और स्कूल के नोट्स पर ध्यान दिया और मोबाइल व टीवी से दूरी बनाए रखी।
निक्की का कहना है कि कठिन विषयों को ज्यादा समय देना और नियमित अभ्यास करना सफलता की कुंजी है। उसने परीक्षा के समय एकाग्रता बनाए रखने के लिए योगासन का भी सहारा लिया।
निक्की का सपना कंप्यूटर साइंस इंजीनियर बनने का है। वह कहती है कि वह आगे चलकर कंप्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में काम करना चाहती है, ताकि गांव की महिलाओं और युवाओं को तकनीकी जानकारी मिल सके और वे भी आगे बढ़ सकें।