फोटो 04 कमरों की टूटी हुई फॉर सीलिंग। संवाद
मंडी अटेली। राजकीय महिला महाविद्यालय के भवन की हालत लगातार खराब होती जा रही है। कॉलेज के कई कमरों की फॉल सीलिंग और पलस्तर जगह-जगह से उखड़कर गिर रहे हैं।
इससे कक्षाओं में बैठने वाली छात्राओं के ऊपर छत का हिस्सा गिरने का खतरा बना हुआ है। कॉलेज में करीब 900 छात्राएं पढ़ाई कर रही हैं। ऐसे में भवन की समय पर मरम्मत नहीं हुई तो हादसा हो सकता है।
कॉलेज की नई बिल्डिंग का शुभारंभ वर्ष 2018 में हुआ था। उस समय क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन महज आठ साल में भवन की हालत खराब होने से निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल उठने लगे हैं। कई कमरों में पलस्तर उखड़ने से छात्राएं डर के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
कई बार पत्र लिखने के बाद भी कार्रवाई नहीं
कॉलेज प्रशासन की ओर से भवन की खराब हालत के बारे में संबंधित विभाग को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कमरों की छत और दीवारों से पलस्तर टूटकर गिरने के कारण कक्षाएं संचालित करने में भी परेशानी हो रही है। कुछ समय पहले महिला आयोग की उपाध्यक्ष नीना परमार ने भी मामले का संज्ञान लिया था। उन्होंने उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने की बात कही थी। इसके बावजूद भवन की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
................................
भवन की खराब हालत के संबंध में विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिकांश कमरों के पलस्तर टूटने के कारण कक्षाएं लेना मुश्किल हो रहा है।
-प्रवीण यादव, प्राचार्य, महिला महाविद्यालय, अटेली
फोटो 04 कमरों की टूटी हुई फॉर सीलिंग। संवाद